Thursday, 8 December 2016

• वाक्य–रचना सम्बन्धी अशुद्धियाँ एवं सुधार

🔰🔰🔰🔰🔰🔰🔰🔰🔰🔰🔰

(1) वाक्य–रचना मेँ कभी विशेषण का विशेष्य के अनुसार उचित लिंग एवं वचन मेँ प्रयोग न करने से या गलत कारक–चिह्न का प्रयोग करने से अशुद्धि रह जाती है।
(2) उचित विराम–चिह्न का प्रयोग न करने से अथवा शब्दोँ को उचित क्रम मेँ न रखने पर भी अशुद्धियाँ रह जाती हैँ।
(3) अनर्थक शब्दोँ का अथवा एक अर्थ के लिए दो शब्दोँ का और व्यर्थ के अव्यय शब्दोँ का प्रयोग करने से भी अशुद्धि रह जाती है।
उदाहरणार्थ—
(अ.→अशुद्ध, शु.→शुद्ध)
अ. – सीता राम की स्त्री थी।
शु. – सीता राम की पत्नी थी।
अ. – मंत्रीजी को एक फूलोँ की माला पहनाई।
शु. – मंत्रीजी को फूलोँ की एक माला पहनाई।
अ. – महादेवी वर्मा श्रेष्ठ कवि थीँ।
शु. – महादेवी वर्मा श्रेष्ठ कवयित्री थीँ।
अ. – शत्रु मैदान से दौड़ खड़ा हुआ था।
शु. – शत्र मैदान से भाग खड़ा हुआ।
अ. – मेरे भाई को मैँने रुपये दिए।
शु. – अपने भाई को मैँने रुपये दिये।
अ. – यह किताब बड़ी छोटी है।
शु. – यह किताब बहुत छोटी है।
अ. – उपरोक्त बात पर मनन कीजिए।
शु. – उपर्युक्त बात पर मनन करिये।
अ. – सभी छात्रोँ मेँ रमेश चतुरतर है।
शु. – सभी छात्रोँ मेँ रमेश चतुरतम है।
अ. – मेरा सिर चक्कर काटता है।
शु. – मेरा सिर चकरा रहा है।
अ. – शायद आज सुरेश जरूर आयेगा।
शु. – शायद आज सुरेश आयेगा।
अ. – कृपया हमारे घर पधारने की कृपा करेँ।
शु. – हमारे घर पधारने की कृपा करेँ।
अ. – उसके पास अमूल्य अँगूठी है।
शु. – उसके पास बहुमूल्य अँगूठी है।
अ. – गाँव मेँ कुत्ते रात भर चिल्लाते हैँ।
शु. – गाँव मेँ कुत्ते रात भर भौँकते हैँ।
अ. – पेड़ोँ पर कोयल बोल रही है।
शु. – पेड़ पर कोयल कूक रही है।
अ. – वह प्रातःकाल के समय घूमने जाता है।
शु. – वह प्रातःकाल घूमने जाता है।
अ. – जज ने हत्यारे को मृत्यु दण्ड की सजा दी।
शु. – जज ने हत्यारे को मृत्यु दण्ड दिया।
अ. – वह विख्यात डाकू था।
शु. – वह कुख्यात डाकू था।
अ. – वह निरपराधी था।
शु. – वह निरपराध था।
अ. – आप चाहो तो काम बन जायेगा।
शु. – आप चाहेँ तो काम बन जायेगा।
अ. – माँ–बच्चा दोनोँ बीमार पड़ गयीँ।
शु. – माँ–बच्चा दोनोँ बीमार पड़ गए।
अ. – बेटी पराये घर का धन होता है।
शु. – बेटी पराये घर का धन होती है।
अ. – भक्तियुग का काल स्वर्णयुग माना जाता है।
शु. – भक्ति–काल स्वर्ण युग माना गया है।
अ. – बचपन से मैँ हिन्दी बोली हूँ।
शु. – बचपन से मैँ हिन्दी बोलती हूँ।
अ. – वह मुझे देखा तो घबरा गया।
शु. – उसने मुझे देखा तो घबरा गया।
अ. – अस्तबल मेँ घोड़ा चिँघाड़ रहा है।
शु. – अस्तबल मेँ घोड़ा हिनहिना रहा है।
अ. – पिँजरे मेँ शेर बोल रहा है।
शु. – पिँजरे मेँ शेर दहाड़ रहा है।
अ. – जंगल मेँ हाथी दहाड़ रहा है।
शु. – जंगल मेँ हाथी चिँघाड़ रहा है।
अ. – कृपया यह पुस्तक मेरे को दीजिए।
शु. – यह पुस्तक मुझे दीजिए।
अ. – बाजार मेँ एक दिन का अवकाश उपेक्षित है।
शु. – बाजार मेँ एक दिन का अवकाश अपेक्षित है।
अ. – छात्र ने कक्षा मेँ पुस्तक को पढ़ा।
शु. – छात्र ने कक्षा मेँ पुस्तक पढ़ी।
अ. – आपसे सदा अनुग्रहित रहा हूँ।
शु. – आपसे सदा अनुगृहीत हूँ।
अ. – घर मेँ केवल मात्र एक चारपाई है।
शु. – घर मेँ एक चारपाई है।
अ. – माली ने एक फूलोँ की माला बनाई।
शु. – माली ने फूलोँ की एक माला बनाई।
अ. – वह चित्र सुन्दरतापूर्ण है।
शु. – वह चित्र सुन्दर है।
अ. – कुत्ता एक स्वामी भक्त जानवर है।
शु. – कुत्ता स्वामिभक्त पशु है।
अ. – शायद आज आँधी अवश्य आयेगी।
शु. – शायद आज आँधी आये।
अ. – दिनेश सांयकाल के समय घूमने जाता है।
शु. – दिनेश सायंकाल घूमने जाता है।
अ. – यह विषय बड़ा छोटा है।
शु. – यह विषय बहुत छोटा है।
अ. – अनेकोँ विद्यार्थी खेल रहे हैँ।
शु. – अनेक विद्यार्थी खेल रहे हैँ।
अ. – वह चलता-चलता थक गया।
शु. – वह चलते-चलते थक गया।
अ. – मैँने हस्ताक्षर कर दिया है।
शु. – मैँने हस्ताक्षर कर दिये हैँ।
अ. – लता मधुर गायक है।
शु. – लता मधुर गायिका है।
अ. – महात्माओँ के सदोपदेश सुनने योग्य होते हैँ।
शु. – महात्माओँ के सदुपदेश सुनने योग्य होते हैँ।
अ. – उसने न्याधीश को निवेदन किया।
शु. – उसने न्यायाधीश से निवेदन किया।
अ. – हम ऐसा ही हूँ।
शु. – मैँ ऐसा ही हूँ।
अ. – पेड़ोँ पर पक्षी बैठा है।
शु. – पेड़ पर पक्षी बैठा है। या पेड़ोँ पर पक्षी बैठे हैँ।
अ. – हम हमारी कक्षा मेँ गए।
शु. – हम अपनी कक्षा मेँ गए।
अ. – आप खाये कि नहीँ?।
शु. – आपने खाया कि नहीँ?।
अ. – वह गया।
शु. – वह चला गया।
अ. – हम चाय अभी-अभी पिया है।
शु. – हमने चाय अभी-अभी पी है।
अ. – इसका अन्तःकरण अच्छा है।
शु. – इसका अन्तःकरण शुद्ध है।
अ. – शेर को देखते ही उसका होश उड़ गया।
शु. – शेर को देखते ही उसके होश उड़ गये।
अ. – वह साहित्यिक पुरुष है।
शु. – वह साहित्यकार है।
अ. – रामायण सभी हिन्दू मानते हैँ।
शु. – रामायण सभी हिन्दुओँ को मान्य है।
अ. – आज ठण्डी बर्फ मँगवानी चाहिए।
शु. – आज बर्फ मँगवानी चाहिए।
अ. – मैच को देखने चलो।
शु. – मैच देखने चलो।
अ. – मेरा पिताजी आया है।
शु. – मेरे पिताजी आये हैँ।

No comments:

Post a Comment